
जमशेदपुर: दीपावली और छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन के नेशनल डायरेक्टर डॉ. जी. जयराम दास ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त (डीसी) और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
डॉ. जयराम दास ने कहा कि दीपावली और छठ पूजा के दौरान शहर में श्रद्धालुओं एवं आम लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
उन्होंने छठ पूजा को देखते हुए जिले के सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने सामाजिक संगठनों, सिविल सोसाइटी और गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) से आगे आकर छठ घाटों की सफाई एवं स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
डॉ. जयराम दास ने कहा कि दीपावली और छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्वों को सुरक्षित, स्वच्छ और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन के साथ-साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आम नागरिकों से भी त्योहारों के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
