
चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय में छात्रों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर आजसू छात्र संघ द्वारा किया गया आंदोलन सफल रहा। छात्र संघ के प्रतिनिधियों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच हुई बैठक में छात्रों की प्रमुख मांगों को गंभीरता से उठाया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया।
आंदोलन का नेतृत्व आजसू छात्र संघ के जिलाध्यक्ष सोनू कुमार साव और महानगर अध्यक्ष राज सिंह ने किया। बैठक में सेमेस्टर-8 की परीक्षा जल्द आयोजित कराने, बैकलॉग परीक्षाओं की तिथि घोषित करने और परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग प्रमुखता से रखी गई।
इसके अलावा एलबीएसएम कॉलेज के आईडी कार्ड फंड जारी करने, इतिहास विषय के लिए शिक्षक की नियुक्ति करने तथा लंबे समय से लंबित छात्र संघ चुनाव कराने की मांग भी उठाई गई।
बैठक में विश्वविद्यालय के कुलपति, छात्र कल्याण अधिष्ठाता (DSW) और कुलसचिव ने छात्र प्रतिनिधियों की बातों को सुना और मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अभिषेक झा समेत विभिन्न कॉलेजों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आजसू छात्र संघ ने आंदोलन को छात्रों की एकजुटता की जीत बताते हुए कहा कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन आगे भी अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।
