
जमशेदपुर: झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त श्री राजीव रंजन एवं एसडीएम अर्नव मिश्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा सड़क पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन के नेशनल डायरेक्टर डॉ. जी. जयराम दास भी मौजूद रहे। उन्होंने सड़क सुरक्षा को जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।
डॉ. जयराम दास ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार से ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जिम्मेदार यातायात व्यवहार को प्रोत्साहित करना रहा।
TP24 News | जमशेदपुर
