
जमशेदपुर: गरीब, असहाय और वंचित परिवारों को सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन ने जिला प्रशासन से विशेष अभियान चलाने की मांग की है। संगठन की एग्जीक्यूटिव टीम के पर्यवेक्षण में यह बात सामने आई है कि जिले में कई गरीब, कमजोर और पिछड़े वर्गों के परिवार आज भी राशन कार्ड की सुविधा से वंचित हैं।
बताया गया कि आर्थिक तंगी से जूझ रहे कई जरूरतमंद परिवारों को भोजन जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में परेशानी हो रही है। इसके बावजूद उन्हें अब तक राशन कार्ड उपलब्ध नहीं कराया जा सका है।
इस गंभीर समस्या को देखते हुए इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन के नेशनल डायरेक्टर डॉ. जी. जयराम दास ने उपायुक्त (DC) एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी (DSO) से विशेष पहल करने का अनुरोध किया है। उन्होंने मांग की है कि एक विशेष टास्क फोर्स का गठन कर राशन कार्ड से वंचित जरूरतमंद परिवारों का दोबारा सर्वेक्षण और सत्यापन कराया जाए।
डॉ. जयराम दास ने कहा कि विशेष अभियान चलाकर गरीब, असहाय, कमजोर एवं पिछड़े वर्गों के पात्र परिवारों की पहचान की जानी चाहिए, ताकि उन्हें सरकारी राशन योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने जिला प्रशासन से इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि खाद्यान्न प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति की बुनियादी आवश्यकता है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र गरीब परिवार सरकारी खाद्यान्न योजना के लाभ से वंचित न रहे।
डॉ. जी. जयराम दास
नेशनल डायरेक्टर
इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन
TP24 News | जमशेदपुर
