
जमशेदपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर शहर के विभिन्न घाटों पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन के नेशनल डायरेक्टर एवं जोहार जनसेवक पार्टी के अध्यक्ष डॉ. जी. जयराम दास ने बारीडीह, सोनारी और दोमुहानी छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ कन्हैया कुमार और निशांत कुमार भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान डॉ. जयराम दास ने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम, सुरक्षा इंतजाम और छठ व्रतियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न घाटों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की स्थिति देखी और श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
इस मौके पर डॉ. जयराम दास ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से किए गए इंतजाम काफी हद तक संतोषजनक हैं। घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और चेंजिंग रूम जैसी आवश्यक सुविधाओं का उचित प्रबंध किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान सहूलियत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह स्वच्छता, अनुशासन, समर्पण और सामाजिक एकता का भी संदेश देता है। इस पावन पर्व पर घाटों की स्वच्छता बनाए रखना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
डॉ. जयराम दास ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और आम जनता के आपसी सहयोग से छठ महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न होगा।
TP24 News | जमशेदपुर
