
जमशेदपुर: कथित NEET पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में उपायुक्त (DC) कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग उठाई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि NEET पेपर लीक की घटना ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों का विश्वास परीक्षा व्यवस्था से कमजोर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रही है, जिसके कारण मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का भविष्य संकट में पड़ गया है।
आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों को न्याय नहीं मिला और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने छात्रों के हितों की रक्षा, निष्पक्ष जांच और शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल करने की मांग को लेकर जिला प्रशासन के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया।
