
सरायकेला: नगर क्षेत्र में बार-बार मोटर जलने और पेयजल आपूर्ति बाधित होने की समस्या को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने सख्त रुख अपनाया है। नगर पंचायत कार्यालय में विद्युत एवं पेयजल विभाग के अभियंताओं के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक कर जलापूर्ति व्यवस्था में स्थायी सुधार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में WTP में बार-बार मोटर खराब होने, बिजली आपूर्ति, प्रभावित क्षेत्रों तक पानी पहुंचाने, WTP और ESR के रखरखाव तथा वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था की समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने अधिकारियों को तकनीकी खामियों की पहचान कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
WTP में लगेंगी दो 90 HP मोटर
अभियंताओं के तकनीकी सुझाव के आधार पर WTP में दो 90 HP क्षमता की मोटर और आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से युक्त हाईटेक इलेक्ट्रिकल पैनल लगाने की दिशा में कार्रवाई तेज करने को कहा गया है। इससे मोटर और विद्युत उपकरणों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक भरोसेमंद बनाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रभावित क्षेत्रों में राइजिंग पाइप से पहुंचेगा पानी
जिन इलाकों में लंबे समय से पर्याप्त पेयजल नहीं पहुंच पा रहा है, वहां राइजिंग पाइप के माध्यम से जलापूर्ति उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अध्यक्ष ने संबंधित अभियंताओं को कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।
बिजली कटौती के दौरान भी जारी रहेगी जलापूर्ति
WTP के लिए DMFT फंड से प्रस्तावित 320 KVA जेनरेटर लगाने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा WTP को पर्याप्त एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों से भी आवश्यक तकनीकी कार्रवाई तेज करने को कहा गया।
WTP-ESR की मॉनिटरिंग होगी मजबूत
बैठक में WTP, ESR और जलापूर्ति से जुड़ी संरचनाओं के नियमित रखरखाव एवं मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया गया। अध्यक्ष ने कहा कि सरकारी राशि से तैयार परिसंपत्तियों का नियमित रखरखाव और तकनीकी निगरानी जरूरी है।
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का केवल पैचवर्क नहीं, बल्कि स्थायी समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेयजल और बिजली जनता की मूलभूत जरूरतें हैं और इनसे किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
